छत्तीसगढ़ महतारी को ही राज्योत्सव में नहीं मिला स्थान! बैकुंठपुर के आयोजन पर उठे सवाल

बैकुंठपुर (कोरिया)। जिस छत्तीसगढ़ की पहचान और गौरव को प्रदर्शित करने के लिए राज्योत्सव का आयोजन किया जाता है, उसी छत्तीसगढ़ की अस्मिता की प्रतीक छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर या प्रतिमा आयोजन स्थल पर नजर नहीं आई। बैकुंठपुर में आयोजित राज्योत्सव के बाद अब यह मुद्दा चर्चा का विषय बन गया है।
राज्योत्सव के प्रदर्शनी परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए गए। यहां शासन की योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। बैनरों और होर्डिंग्स में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित अन्य प्रमुख व्यक्तियों के चित्र भी दिखाई दिए, लेकिन छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर या प्रतिमा कहीं नजर नहीं आई।

जिस पहचान के नाम पर राज्योत्सव, वही तस्वीर गायब!
छत्तीसगढ़ महतारी प्रदेश की संस्कृति, परंपरा, लोककला और स्वाभिमान का प्रतीक हैं। राज्य स्थापना दिवस और राज्योत्सव जैसे अवसरों पर उनकी उपस्थिति प्रदेशवासियों के लिए विशेष महत्व रखती है। ऐसे में आयोजन स्थल पर उनकी तस्वीर या प्रतिमा का नहीं होना कई सवाल खड़े कर रहा है।
लोगों के बीच चर्चा है कि क्या राज्योत्सव की तैयारियों में प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को लेकर पर्याप्त गंभीरता नहीं दिखाई गई? क्या आयोजन की रूपरेखा बनाते समय छत्तीसगढ़ महतारी को स्थान देने की आवश्यकता महसूस नहीं की गई?

जिम्मेदारों की चुप्पी पर टिकी निगाहें
अब सवाल आयोजन समिति और प्रशासनिक अधिकारियों से है कि आखिर छत्तीसगढ़ महतारी को आयोजन स्थल पर स्थान क्यों नहीं मिला? क्या यह केवल व्यवस्थागत चूक थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है? इस संबंध में जिम्मेदारों की ओर से स्थिति स्पष्ट किया जाना जरूरी है।
राज्योत्सव केवल सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार करने का अवसर नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और पहचान को सम्मान देने का पर्व भी है।
प्रदेश की अस्मिता से जुड़े इस प्रतीक की अनुपस्थिति ने आयोजन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मुद्दे पर क्या जवाब देता है।

